अहमदाबाद में विमान हादसा: लंदन जा रहा एअर इंडिया का ड्रीमलाइनर उड़ान भरते ही हुआ दुर्घटनाग्रस्त, 242 लोग थे सवार

Spread the News

अहमदाबाद: गुजरात की राजधानी अहमदाबाद में गुरुवार दोपहर एक बड़ा हवाई हादसा हो गया। एअर इंडिया का एक अंतरराष्ट्रीय विमान टेक-ऑफ के कुछ ही मिनटों बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह विमान अहमदाबाद से लंदन के लिए रवाना हुआ था और इसमें कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें 230 यात्री और 12 क्रू सदस्य शामिल थे।

घटना दोपहर करीब 1:38 बजे की है, जब बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान ने सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी। केवल दो मिनट बाद, 1:40 बजे, विमान अहमदाबाद शहर के मेघानीनगर इलाके के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, क्रैश के बाद घटनास्थल से घना काला धुआं आसमान में उठता देखा गया। घटनास्थल की ओर तेजी से बचाव दलों को रवाना किया गया। फायर ब्रिगेड की सात गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग पर काबू पाने का प्रयास जारी है।

विमान में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और 1 कनाडाई नागरिक सवार थे। अहमदाबाद पुलिस नियंत्रण कक्ष ने दुर्घटना की पुष्टि की है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि हादसे का कारण क्या था, हालांकि नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने जांच के आदेश दे दिए हैं।

घटना की गंभीरता को देखते हुए नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आपात बैठक के बाद अहमदाबाद रवाना हो गए हैं। वहीं, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) और सीमा सुरक्षा बल (BSF) की टीमें भी राहत कार्य में जुट गई हैं।

हादसे के बाद सोशल मीडिया पर कई वीडियो सामने आए हैं, जिनमें दुर्घटनास्थल से धुएं का गुबार उठता दिख रहा है। स्थानीय लोग भी राहत कार्य में मदद कर रहे हैं। विमान की उम्र करीब 11 वर्ष बताई जा रही है।

सरकार और संबंधित एजेंसियां हादसे की विस्तृत जांच में जुटी हैं। इस दर्दनाक घटना पर पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है।