प्रख्यात गायनकॉलॉजिस्ट डॉ. शोभा चक्रवर्ती नहीं रहीं, सीएम हेमंत सोरेन ने जताया शोक, चिकित्सा जगत को लगा गहरा आघात

Spread the News

रांची। झारखंड की वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. शोभा चक्रवर्ती का निधन हो गया। वे लंबे समय से अस्वस्थ चल रही थीं और हाल ही में हार्ट अटैक के कारण उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन से राज्य के चिकित्सा क्षेत्र में गहरा शोक है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया पर डॉ. चक्रवर्ती को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए इसे चिकित्सा जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि डॉ. चक्रवर्ती ने जीवनभर महिला स्वास्थ्य की सेवा में खुद को समर्पित किया।

डॉ. शोभा चक्रवर्ती ने रांची के प्रतिष्ठित रिम्स (राजेन्द्र आयुर्विज्ञान संस्थान) से न सिर्फ पढ़ाई की, बल्कि वर्षों तक वहीं सेवा भी दी। वे चिकित्सा क्षेत्र में पांच दशक से भी ज्यादा समय तक सक्रिय रहीं और अपनी निष्ठा, सेवा और अनुभव से हजारों महिलाओं का इलाज किया। उनके चिकित्सा जीवन में उन्होंने करीब 35 हजार डिलीवरी करवाई थीं।

संयुक्त बिहार के समय से ही डॉ. चक्रवर्ती एक जानी-मानी चिकित्सक के रूप में विख्यात थीं। उम्र के अस्सीवें पड़ाव में भी वे नियमित रूप से मरीजों को सलाह देती थीं और चिकित्सा सेवा में लगी रहती थीं।

उनकी बेटी भी एक कुशल गायनकॉलॉजिस्ट हैं और मां-बेटी की यह जोड़ी वर्षों से एक साथ प्रैक्टिस कर रही थी।

पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने भी डॉ. शोभा चक्रवर्ती के निधन पर शोक जताते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी और कहा कि वे चिकित्सा के क्षेत्र में प्रेरणास्रोत थीं।

डॉ. चक्रवर्ती का जाना न सिर्फ रांची, बल्कि पूरे राज्य के लिए एक बड़ी क्षति है, जिसे लंबे समय तक याद किया जाएगा।