पाकिस्तान में जैश कमांडर मौलाना अब्दुल अजीज की संदिग्ध हालात में मौत, भारत-विरोधी साजिशों को लगा झटका

Spread the News

इस्लामाबाद: भारत विरोधी गतिविधियों में लिप्त एक और प्रमुख आतंकी का अंत हो गया है। पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के शीर्षस्थ कमांडर मौलाना अब्दुल अजीज इसर की मृत्यु रहस्यमय परिस्थितियों में हो गई है। यह खबर सामने आते ही सुरक्षा एजेंसियों और आतंकी नेटवर्कों में हलचल मच गई है।

अब्दुल अजीज को जैश-ए-मोहम्मद के रणनीतिक अभियानों में अहम भूमिका निभाने वाला माना जाता था। उसका शव पाकिस्तान के बहावलपुर क्षेत्र में बरामद किया गया है, जहां जैश का मुख्यालय भी स्थित है। उसकी मौत किन हालात में हुई, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है।

गत माह ही एक रैली में भारत के खिलाफ तीखे बयान देते हुए अब्दुल अजीज ने कहा था कि भारत का हाल भी सोवियत संघ जैसा होगा। लेकिन उसकी यह धमकी अब अतीत बन चुकी है, क्योंकि वह स्वयं काल के गाल में समा चुका है। जैश से जुड़े सोशल मीडिया अकाउंट्स ने उसकी मौत और अंतिम संस्कार की पुष्टि तो की है, लेकिन कारणों को लेकर कोई विवरण साझा नहीं किया गया है।

सूत्रों के मुताबिक, अब्दुल अजीज पाकिस्तान के पंजाब प्रांत, विशेष रूप से बहावलपुर और रावलपिंडी में युवाओं को कट्टर विचारधारा की ओर धकेलने और भारत विरोधी अभियान में शामिल करने का कार्य करता था। उसकी मृत्यु आतंकी संगठन के स्थानीय ढांचे पर बड़ा प्रभाव डाल सकती है।

हालांकि कुछ खबरों में उसकी मौत का कारण दिल का दौरा बताया गया है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऑपरेशन सिंदूर के बाद से पाकिस्तान में आतंकी संगठनों पर दबाव बढ़ा है और वे भारत के खिलाफ लगातार उग्र बयान दे रहे हैं।

अब्दुल अजीज की मौत जैश-ए-मोहम्मद के लिए न केवल एक रणनीतिक झटका है, बल्कि यह इस ओर भी संकेत है कि भारत के खिलाफ साजिशें रचने वालों का अंत निश्चित है। चाहे वह किसी भी देश में क्यों न हों।