गंगा दशहरा के शुभ अवसर पर मंदिर परिसर में होगा भव्य आयोजन
अयोध्या/लखनऊ: अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर स्वर्ण कलश की स्थापना पूरी कर ली गई है। यह स्वर्ण कलश अपनी अद्वितीय चमक से दूर से ही आकर्षित कर रहा है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने रविवार को मंदिर के शिखर की नई तस्वीरें जारी कर इसकी जानकारी दी।
मंदिर में आगामी 5 जून को राम दरबार की प्रतिष्ठा सहित कुल सात मंदिरों में देव विग्रहों की प्राण प्रतिष्ठा का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन गंगा दशहरा के दिन अभिजीत मुहूर्त और स्थायी लग्न में सुबह 11 बजे के बाद आरंभ होगा। इस विशेष अनुष्ठान में अयोध्या और काशी के 101 वैदिक आचार्य सम्मिलित होंगे।
इस भव्य आयोजन में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया है।
तीन दिवसीय वैदिक अनुष्ठान 3 जून से
प्राण प्रतिष्ठा से पहले तीन दिन तक चलने वाला विशेष अनुष्ठान कार्यक्रम 3 जून से प्रारंभ होगा। इससे एक दिन पूर्व, यानी 2 जून को महिलाएं सरयू नदी से पवित्र जल लेकर कलश यात्रा निकालेंगी। 3 जून को सुबह 6:30 बजे से मंदिर परिसर में विशेष पूजन आरंभ होगा, जो देर रात 9 बजे तक जारी रहेगा। दोपहर में एक घंटे का विश्राम रहेगा।
इसी क्रम में 4 जून को भी पूरे दिन विविध धार्मिक अनुष्ठानों और विशेष पूजा का आयोजन होगा। अंततः 5 जून की सुबह 5:30 बजे से पूजा-पाठ शुरू होंगे और मुख्य प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम 11 बजे के बाद आरंभ किया जाएगा।
इस आयोजन को लेकर अयोध्या में श्रद्धालुओं और प्रशासन दोनों के बीच विशेष उत्साह देखा जा रहा है। मंदिर परिसर को भव्य रूप से सजाया जा रहा है और व्यवस्था को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं।