इमरजेंसी में रांची पहुंची इंडिगो की फ्लाइट, गिद्ध से टकराया विमान, 175 यात्री बाल-बाल बचे

Spread the News

रांची: बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर सोमवार को एक बड़ा हादसा टल गया जब पटना से आ रही इंडिगो की फ्लाइट ने इमरजेंसी लैंडिंग की। विमान में कुल 175 यात्री सवार थे। लैंडिंग से पहले विमान एक पक्षी से टकरा गया, जिससे खतरे की स्थिति बन गई।

सूत्रों के अनुसार, इंडिगो की एयरबस A320 फ्लाइट पटना से रवाना होकर रांची की ओर बढ़ रही थी। जब यह विमान रांची एयरपोर्ट से लगभग 10 से 12 नॉटिकल मील दूर और करीब 3,000 से 4,000 फीट की ऊंचाई पर था, तभी यह एक बड़े पक्षी संभावित रूप से गिद्ध से टकरा गया।

इस टक्कर के बाद विमान में हल्का कंपन महसूस किया गया, लेकिन पायलट ने तत्काल स्थिति पर नियंत्रण पाया और एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क कर आपातकालीन लैंडिंग की अनुमति मांगी। अनुमति मिलने के बाद पायलट ने विमान को लगभग 40 मिनट तक हवा में सुरक्षित रखा और फिर सावधानीपूर्वक लैंडिंग कराई।

एयरपोर्ट निदेशक आरआर मौर्य ने जानकारी दी कि इस घटना में कोई भी यात्री घायल नहीं हुआ है। सभी 175 यात्रियों को सुरक्षित विमान से उतारकर टर्मिनल भवन में ले जाया गया। विमान के कुछ हिस्सों में मामूली क्षति हुई है, जिसे जांचने के लिए इंजीनियरों की टीम सक्रिय है।

घटना के चलते एयरपोर्ट पर कुछ समय के लिए अन्य उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ, हालांकि अब स्थिति सामान्य है। एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोपरि बताते हुए पायलट की सतर्कता की सराहना की है।