कोटद्वार: पौड़ी जिले के यमकेश्वर ब्लॉक में चर्चित अंकिता भंडारी हत्या मामले में कोटद्वार की अपर जिला एवं सत्र न्यायालय ने शुक्रवार को ऐतिहासिक फैसला सुनाया। अदालत ने वनंत्रा रिजॉर्ट के मालिक पुलकित आर्य, और उसके सहयोगियों सौरभ भास्कर व अंकित गुप्ता को दोषी मानते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई। तीनों आरोपियों को भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या), 201 (सबूत मिटाना), और 354 (महिला का शील भंग करने का प्रयास) के तहत सजा दी गई।
दो साल आठ महीने बाद आया फैसला
यह मामला सितंबर 2022 में सामने आया था जब अंकिता भंडारी लापता हुई थीं। 24 सितंबर को उसका शव ऋषिकेश के पास चीला शक्ति नहर में मिला था। जांच के अनुसार, रिजॉर्ट मालिक पुलकित आर्य ने अपने दो कर्मचारियों के साथ मिलकर विवाद के बाद अंकिता को नहर में धक्का दे दिया था जिससे उसकी मौत हो गई।
घटनाक्रम जिसने पूरे प्रदेश को झकझोरा
घटना के बाद पूरे उत्तराखंड में आक्रोश फैल गया। लोगों ने भारी प्रदर्शन किए और पुलकित आर्य के रिजॉर्ट को आग के हवाले कर दिया गया। भाजपा विधायक रेणु बिष्ट के वाहन पर भी हमला किया गया। हालात को नियंत्रण में लाने के लिए सरकार ने विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया और प्रशासन ने विवादित रिजॉर्ट को बुलडोजर से गिरा दिया।
राजनीतिक हलकों में भी मचा भूचाल
घटना के बाद तत्कालीन भाजपा नेता विनोद आर्य, जो पुलकित के पिता हैं, को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया। उनके पुत्र अंकित आर्य को OBC कल्याण आयोग के उपाध्यक्ष पद से हटाया गया, जिन्हें राज्य मंत्री का दर्जा प्राप्त था।
लंबी कानूनी प्रक्रिया के बाद न्याय
अभियोजन पक्ष ने इस मामले में करीब 500 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की, जिसमें 97 गवाह शामिल थे। 47 प्रमुख गवाहों की अदालत में गवाही हुई। सुनवाई 30 जनवरी 2023 से आरंभ हुई और लगभग दो साल आठ महीने चली। विशेष लोक अभियोजक अवनीश नेगी ने अभियोजन का पक्ष रखा। अंतिम बहस 19 मई को पूरी हुई, जिसके बाद कोर्ट ने 30 मई को फैसला सुनाया।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
फैसले के दिन कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन सतर्क रहा। विभिन्न जिलों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया और पीएसी की डेढ़ कंपनी को कोटद्वार में तैनात किया गया। कोर्ट परिसर के आसपास धारा 144 लागू रही और किसी भी तरह की भीड़, प्रदर्शन या नारेबाजी पर रोक लगा दी गई थी।
यह फैसला अंकिता भंडारी के परिवार को न्याय की पहली किरण देने वाला माना जा रहा है, जिसने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया था।