ओवैसी का पाकिस्तान पर तीखा वार: कहा- “नक़ल में भी चाहिए अक्ल, पर इनके पास वह भी नहीं”

Spread the News

नई दिल्ली: पाकिस्तान द्वारा भारत के खिलाफ दुष्प्रचार फैलाने की कोशिश एक बार फिर उस पर उलटी पड़ गई। हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर को प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को एक स्मृति चिन्ह सौंपते हुए देखा गया, जिसमें दावा किया गया कि यह भारत के खिलाफ सैन्य अभियान की उपलब्धि है। लेकिन उस स्मृति चिन्ह में जो तस्वीर लगाई गई थी, वह दरअसल भारत की कारगिल विजय की थी।

इस हास्यास्पद भूल पर ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के अध्यक्ष और सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने पाकिस्तान की तीखी आलोचना की है। उन्होंने इसे पाकिस्तान की “बेवकूफाना और बचकानी हरकत” करार देते हुए पाक पीएम और आर्मी चीफ को “बेवकूफ जोकर” कह दिया।

ओवैसी ने कहा, “यह वही पाकिस्तान है जो एक तस्वीर तक सही से नहीं पहचान सकता। नक़ल करने के लिए भी थोड़ी अक्ल चाहिए होती है, जो इनके पास साफ तौर पर नहीं है।” उन्होंने कहा कि ऐसे गलत कदम पाकिस्तान के राष्ट्रीय सम्मान और उसकी विश्वसनीयता पर ही सवाल खड़ा करते हैं।

यह स्मृति चिन्ह एक हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम में दिया गया था, जिसमें पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और डिप्टी पीएम इस्हाक डार भी शामिल थे। बाद में जांच में सामने आया कि जिस अभियान का दावा किया गया था, वह वास्तव में चीन के 2019 के एक सैन्य अभ्यास की तस्वीर थी।

ओवैसी ने जोर देते हुए कहा कि यह कोई नई बात नहीं है। पाकिस्तान पहले भी भारत के खिलाफ झूठे प्रचार करता रहा है। हाल ही में, 7 मई को भारतीय सेना द्वारा चलाए गए ऑपरेशन ‘सिंदूर’ के तहत पीओके में आतंकी ठिकानों पर किए गए हमलों के बाद पाकिस्तान ने भारत पर जवाबी कार्रवाई का दावा किया था, जिसे भारत ने पूरी तरह खारिज कर दिया।

ओवैसी फिलहाल कुवैत दौरे पर हैं और वहीं से उन्होंने इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की इन फर्जी कोशिशों से उसकी विश्वसनीयता को भारी नुकसान हुआ है और भारत-पाकिस्तान के बीच विश्वास की खाई और गहरी हो गई है।