रामगढ़: राधा गोविंद विश्वविद्यालय में लोकमाता पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती के अवसर पर एक भव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला भाजपा अध्यक्ष प्रवीण मेहता ने की, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ शामिल हुए। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष विकास प्रीतम, राधा गोविंद विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी. एन. साह, प्रति कुलाधिपति डॉ. रश्मि, तथा प्रियंका कुमारी भी उपस्थित रहीं।
मुख्य वक्ता केंद्रीय मंत्री संजय सेठ का संबोधन:
अपने संबोधन में संजय सेठ ने कहा कि अहिल्याबाई होलकर का जीवन आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने अपने शासनकाल में न्याय, समर्पण और समाज सेवा का जो आदर्श प्रस्तुत किया, वह आज के समय में और भी प्रासंगिक हो गया है। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई होलकर नारी सशक्तिकरण की प्रतीक थीं, और आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश उसी मार्ग पर अग्रसर है। उज्ज्वला योजना के अंतर्गत 20 करोड़ महिलाओं को गैस कनेक्शन प्रदान किया गया, 18 करोड़ से अधिक शौचालय बनवाकर ‘इज्जत घर’ की सौगात दी गई है।
उन्होंने यह भी बताया कि ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के तहत बेटियों को बेहतर अवसर मिल रहे हैं। अब हमारी बेटियां सैनिक स्कूलों में प्रवेश ले रही हैं और निकट भविष्य में सेना के उच्चतम पदों पर अवश्य पहुंचेगी। उन्होंने 18 वर्षीय अग्नि अग्निहोत्री द्वारा परमाणु विमान उड़ाए जाने का उल्लेख करते हुए युवाओं की प्रतिभा की सराहना की।
साथ ही ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता को भारतीय सेना के शौर्य का प्रतीक बताया और कहा कि पूरा देश आज सेना के सम्मान में तिरंगा यात्रा निकालकर अभिनंदन कर रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को लोकमाता अहिल्याबाई होलकर से प्रेरित बताते हुए कहा कि उनके 11 वर्षों के कार्यकाल में हर वादा धरातल पर उतारा गया है, और भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। वर्ष 2027 तक भारत तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बन जाएगा।
अन्य वक्ताओं के विचार:
• राधा गोविंद विश्वविद्यालय की प्रति कुलाधिपति डॉ. रश्मि ने अपने वक्तव्य में अहिल्याबाई होलकर के जीवन और कार्यों पर प्रकाश डाला।
• प्रदेश उपाध्यक्ष विकास प्रीतम ने कहा कि अहिल्याबाई के विचार और कार्य हमें अपने जीवन में आत्मसात करने चाहिए।
कार्यक्रम की झलकियाँ :
• कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पं. दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद उपस्थित जनसमूह ने राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ गाकर कार्यक्रम का आरंभ किया।
• राधा गोविंद विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों नृत्य एवं नाट्य द्वारा लोकमाता अहिल्याबाई होलकर को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
• अतिथियों का स्वागत जिला पदाधिकारियों द्वारा अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया।
• कार्यक्रम का सफल संचालन जिला महामंत्री विजय जायसवाल एवं डॉ. संजय प्रसाद सिंह ने संयुक्त रूप से किया। धन्यवाद ज्ञापन जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष रंजन सिंह फौजी ने किया।
विशिष्ट उपस्थिति:
प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रणंजय कुमार, डॉ. संजय कुमार, चंद्रशेखर चौधरी, सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल, जिला मीडिया प्रभारी राजीव पामदत्त, प्रो. आलोक कुमार, सुरजीत सिंह छाबड़ा, मनी शंकर ठाकुर, शीतल सिंह, संतोष कुमार शर्मा, अनमोल सिंह, अर्जुन यादव, सुर्यवंश श्रीवास्तव, डॉ निर्मल कुमार मंडल, डॉ अशोक कुमार सहित बड़ी संख्या में जिला पदाधिकारी, कार्यकर्ता, शिक्षक एवं शिक्षार्थी उपस्थित रहे।