झारखंड में एक बार फिर कोरोना वायरस ने दस्तक दी है। रविवार, 25 मई को रांची में कोविड-19 का पहला केस सामने आया है। संक्रमित व्यक्ति हाल ही में मुंबई से रांची लौटा था और विमान यात्रा के दौरान ही वह बेहोश हो गया था।
स्वास्थ्य विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पुष्टि की है कि संक्रमित मरीज को रांची के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने बताया, “यह मौजूदा लहर में रांची का पहला पॉजिटिव केस है। मरीज की हालत फिलहाल स्थिर है और किसी अन्य जटिल लक्षण की जानकारी नहीं मिली है।”
शहर में जांच अभियान शुरू होगा
डॉ. कुमार ने जानकारी दी कि सोमवार से रांची में कोविड-19 की जांच का विशेष अभियान शुरू किया जाएगा। सदर अस्पताल में 20 बिस्तरों वाला आइसोलेशन वार्ड भी तैयार किया गया है।
मरीज ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए लिखा, “भारत में अब तक 257 कोविड केस सामने आए हैं, और मैं उनमें से एक हूं। 22 मई को जब मैं मुंबई से रांची लौट रहा था, तब फ्लाइट में मेरी तबीयत बिगड़ गई और मैं बेहोश हो गया। झारखंड फिल्म विकास निगम लिमिटेड का सदस्य होने के नाते मुझे कुछ फिल्मों का प्रीव्यू करना था, लेकिन स्वास्थ्य खराब होने के कारण मैं यह नहीं कर सका।”
कोरोना से निपटने को तैयार है सरकार
इधर, झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने कहा है कि सरकार कोविड-19 के नए वेरिएंट को लेकर पूरी तरह सतर्क है और इससे निपटने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं। प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को अलर्ट पर रखा गया है ताकि किसी भी संभावित खतरे से समय रहते निपटा जा सके।