रांची: झारखंड में गर्मी से झुलस रहे लोगों को आखिरकार बड़ी राहत मिली है। प्री-मानसून की पहली बारिश ने मौसम में ठंडक घोल दी है और पूरे राज्य में सुहाना माहौल बन गया है। रविवार को कई जिलों में झमाझम बारिश हुई, जिससे तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। चार जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा, जबकि बाकी जिलों में भी यह 40 डिग्री से कम रहा।
मई में पहली बार मौसम ने ली करवट
पिछले कई वर्षों में मई महीने में ऐसा सुहावना मौसम कम ही देखने को मिला है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, सोमवार से लेकर आगामी पांच दिनों तक झारखंड में तेज हवा और गरज-चमक के साथ बारिश जारी रह सकती है। विभाग ने बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। 31 मई तक मौसम में ठंडक बनी रहने की उम्मीद है।
राजधानी में तापमान गिरकर 30 डिग्री पर
रविवार को रांची का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि बोकारो, धनबाद और लोहरदगा में पारा 29 डिग्री तक पहुंचा। लातेहार में यह और भी नीचे, 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 28 मई तक रांची का तापमान 30 डिग्री से नीचे ही रहेगा।
31 मई तक जारी रहेगा बारिश का सिलसिला
मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि राज्य भर में 31 मई तक रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी। इस दौरान तेज हवाएं और बादलों की गड़गड़ाहट भी बनी रह सकती है। विशेषकर कोल्हान प्रमंडल में तेज आंधी और भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
कोल्हान के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी
कोल्हान क्षेत्र में हवा की रफ्तार सामान्य से अधिक रहने की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की हैं।