रांची। झारखंड सरकार ने सोमवार को प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 20 जिलों के उपायुक्तों का स्थानांतरण कर दिया है। कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार अधिकांश नए डीसी 2015 बैच या उसके बाद के आईएएस अधिकारी हैं। इस सूची में 2012 और 2014 बैच के केवल दो अधिकारियों को शामिल किया गया है।
गुमला जिले के डीसी रहे कर्ण सत्यार्थी को पूर्वी सिंहभूम का नया उपायुक्त नियुक्त किया गया है। वहीं रामगढ़ के पूर्व डीसी चंदन कुमार को पश्चिमी सिंहभूम भेजा गया है। प्रदेश मुख्यालय में कार्यरत नितिश कुमार सिंह को सरायकेला-खरसावां की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सिमडेगा जिले के नए उपायुक्त के तौर पर झारखंड राज्य आजीविका संवर्धन समिति की कंचन सिंह की तैनाती की गई है। वे रांची के डीआईजी सह एसएसपी चंदन सिन्हा की पत्नी हैं।
इसके अतिरिक्त, आदिवासी कल्याण आयुक्त अजय नाथ झा को बोकारो का डीसी बनाया गया है, जबकि बागवानी निदेशक फ़ैज़ अहमद मुमताज अब रामगढ़ के डीसी होंगे। उच्च शिक्षा निदेशक रामनिवास यादव को गिरिडीह भेजा गया है और सूचना प्रौद्योगिकी निदेशक आदित्य रंजन को धनबाद का उपायुक्त बनाया गया है।
गिरिडीह के पूर्व उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा को देवघर भेजा गया है। पर्यटन निदेशक अंजली यादव को गोड्डा का प्रभार सौंपा गया है। वहीं जियाडा की एमडी प्रेरणा दीक्षित को गुमला का नया डीसी बनाया गया है।
प्राथमिक शिक्षा निदेशक शशि प्रकाश सिंह को हजारीबाग भेजा गया है और कृषि निदेशक कुमार ताराचंद अब लोहरदगा के उपायुक्त होंगे। झारक्राफ्ट की एमडी कीर्ति श्री को चतरा की जिम्मेदारी दी गई है।
दुमका के डीडीसी अभिजीत सिन्हा को वहां का डीसी बनाया गया है, वहीं कोडरमा के डीडीसी ऋतुराज को कोडरमा का डीसी बनाया गया है। राज्य बाल संरक्षण संस्था के निदेशक समीर अब पलामू के डीसी होंगे।
इसके अलावा, राजभाषा विभाग के संयुक्त सचिव रवि आनंद को जामताड़ा और रांची के उप विकास आयुक्त दिनेश कुमार यादव को गढ़वा का डीसी नियुक्त किया गया है।
यह अधिसूचना झारखंड सरकार के अवर सचिव विनोद कुमार के हस्ताक्षर से जारी की गई। इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल को राज्य में बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था के तहत देखा जा रहा है।