रांची। झारखंड में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। रविवार से पूरे प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने राज्य के अधिकांश हिस्सों के लिए बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। राजधानी रांची और इसके आसपास के इलाकों में आज हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं और कहीं-कहीं वज्रपात की संभावना जताई गई है।
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र राज्य में सक्रिय हो गया है, जिसका असर रांची समेत पूरे झारखंड में देखने को मिलेगा। इसके साथ ही ओडिशा के तटीय इलाकों में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन से यह सिस्टम उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर आगे बढ़ रहा है, जिससे दक्षिण झारखंड के जिलों में अच्छी बारिश की संभावना बन रही है।
राज्य के कई जिलों में पिछले 24 घंटों के दौरान हल्की से मध्यम वर्षा हुई है। राजधानी रांची में बादल छाए हुए हैं और तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया है। शनिवार को रांची का अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से करीब छह डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। पूरे राज्य में मेदिनीनगर सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के वैज्ञानिकों के मुताबिक, दक्षिण भारत के राज्यों केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक के साथ ही पूर्वोत्तर के मिजोरम में इस साल मानसून सामान्य समय से लगभग आठ दिन पहले पहुंच चुका है। यदि आगे की परिस्थितियां अनुकूल बनी रहीं तो मानसून 3 से 5 जून के बीच झारखंड में दस्तक दे सकता है। हालांकि, स्थिति प्रतिकूल होने पर थोड़ी देरी भी हो सकती है।
रांची मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि मानसून की रफ्तार फिलहाल उत्तर भारत की ओर है और इसके अगले चरण में यह झारखंड को कवर करेगा। आमतौर पर झारखंड में मानसून की आमद 10 से 15 जून के बीच होती है, लेकिन इस बार इसके समय से पहले पहुंचने की संभावना जताई गई है।
प्रदेशवासियों को सलाह दी गई है कि वे मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान दें और आकाशीय बिजली से बचने के लिए सतर्क रहें।