लातेहार मुठभेड़ में जेजेएमपी प्रमुख पप्पू लोहरा ढेर, 15 लाख का इनामी उग्रवादी था

Spread the News

लातेहार, झारखंड: झारखंड पुलिस को उग्रवाद के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। शनिवार सुबह लातेहार जिले के इचाबार सलैया जंगलों में पुलिस और उग्रवादियों के बीच मुठभेड़ में झारखंड जनमुक्ति परिषद (जेजेएमपी) के सरगना पप्पू लोहरा मारा गया। उसके साथ एक अन्य उग्रवादी भी मारा गया है।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पप्पू लोहरा अपने कुछ साथियों के साथ जंगल में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस ने सर्च अभियान चलाया। इसी दौरान उग्रवादियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसका जवाब पुलिस ने मुस्तैदी से दिया। मुठभेड़ के बाद घटनास्थल से दो शव बरामद किए गए, जिनमें एक की पहचान पप्पू लोहरा के रूप में हुई।

पप्पू लोहरा पहले नक्सली संगठन से जुड़ा हुआ था, लेकिन बाद में उसने झारखंड जनमुक्ति परिषद (जेजेएमपी) नाम से अलग संगठन बना लिया था। वह क्षेत्र में लंबे समय से अवैध वसूली, लूटपाट और हिंसक वारदातों में लिप्त था। सरकार ने उस पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।

पुलिस अधिकारियों ने इसे उग्रवाद के खिलाफ बड़ी कामयाबी बताया है। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है, जबकि पुलिस का सर्च ऑपरेशन अब भी जारी है।