रांची/खूंटी। झारखंड की राजधानी रांची के रिम्स अस्पताल से पिकनिक मनाने गए इंटर्न डॉक्टरों की टोली के साथ रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। खूंटी जिले के तोरपा स्थित प्रसिद्ध पेरवाघाघ वाटरफॉल में नहाने के दौरान पानी की गहराई में चार डॉक्टर डूबने लगे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से तीन को सुरक्षित निकाल लिया गया, लेकिन एक डॉक्टर की जान नहीं बचाई जा सकी।
घटना में जान गंवाने वाले डॉक्टर की पहचान रिम्स के इंटर्न डॉक्टर अभिषेक खलखो के रूप में हुई है। वे मूल रूप से खूंटी जिले के रहने वाले थे और वर्तमान में उनका परिवार महाराष्ट्र के नागपुर में रहता है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रिम्स के 2019 एमबीबीएस बैच के 26 इंटर्न डॉक्टर रविवार को पेरवाघाघ जलप्रपात पर घूमने और पिकनिक मनाने गए थे। जलप्रपात में नहाने के दौरान डॉक्टर अभिषेक खलखो, डॉ. कीर्तिवर्धन, डॉ. जासुआ टोप्पो और डॉ. अजय मोदी अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। साथियों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग और गोताखोर मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
इस दौरान तीन डॉक्टरों को सुरक्षित निकाल लिया गया, लेकिन डॉ. अभिषेक की हालत गंभीर थी। उन्हें तुरंत तोरपा अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख उन्हें रिम्स रेफर कर दिया गया। रिम्स पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस हादसे की खबर जैसे ही रिम्स अस्पताल पहुंची, पूरे परिसर में शोक की लहर फैल गई। साथी डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ डॉ. अभिषेक की असामयिक मौत से स्तब्ध हैं।
यह घटना न केवल एक युवा डॉक्टर की जान ले गई, बल्कि रिम्स के मेडिकल समुदाय को गहरे शोक में डुबो गई है। प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है और सभी को ऐसे स्थलों पर सतर्क रहने की अपील की गई है।