नई दिल्ली, 10 मई 2025: भारतीय सेना द्वारा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत की जा रही कड़ी कार्रवाई से घबराए पाकिस्तान ने अंततः भारत से शांति की पहल की है। दुनियाभर के देशों से मदद मांगने के बाद, अमेरिका की मध्यस्थता के चलते दोनों देशों के बीच युद्धविराम (सीजफायर) पर सहमति बनी है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर इसकी पुष्टि की है।
विदेश मंत्रालय ने दी जानकारी:
भारतीय विदेश मंत्रालय के सचिव विक्रम मिसरी ने बताया कि शनिवार दोपहर 3:35 बजे पाकिस्तान के सैन्य संचालन महानिदेशक (DGMO) ने भारतीय DGMO को फोन कर बातचीत की पहल की। दोनों देशों के सैन्य अधिकारियों में सहमति बनी कि शाम 5:00 बजे से ज़मीन, हवा और समुद्र – तीनों मोर्चों पर गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई तत्काल प्रभाव से रोक दी जाएगी। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों को यह निर्देश दे दिए गए हैं और आगामी चर्चा 12 मई को दोपहर 12:00 बजे DGMO स्तर पर फिर होगी।
ट्रंप ने किया मध्यस्थता का दावा:
इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, “संयुक्त राज्य अमेरिका की मध्यस्थता में एक लंबी रात की बातचीत के बाद मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि भारत और पाकिस्तान पूर्ण और तत्काल युद्धविराम पर सहमत हो गए हैं। दोनों देशों को बधाई।”
पाकिस्तान ने भी दी पुष्टि:
पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर बताया कि दोनों देशों ने युद्धविराम को लेकर सहमति बनाई है। हालांकि, उन्होंने भारत पर की गई नाकाम हमलों की कोशिशों को लेकर कोई खेद नहीं जताया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान हमेशा क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहा है, बिना अपनी संप्रभुता से समझौता किए।
भारत और पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण हालात के बीच यह सीजफायर एक अहम कूटनीतिक सफलता मानी जा रही है। आने वाली बातचीतों में स्थायी शांति की संभावनाएं भी टटोलने की कोशिश की जाएगी।