समाजसेवी एवं गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति में समारोह संपन्न
रामगढ़, 29 अप्रैल 2025 (मंगलवार): राधा गोविंद पब्लिक स्कूल के सभागार में एक भव्य अभिनंदन समारोह का आयोजन बड़े हर्षोल्लास और गरिमापूर्ण वातावरण में किया गया। इस कार्यक्रम में जिले के प्रमुख समाजसेवी एवं सम्मानित व्यक्तित्वों की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया। समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में प्रख्यात समाजसेवी संजीव बेदिया, राजनेता एवं समाजसेवी सी० पी० संतन तथा युवा समाजसेवी पियूष कुमार बेदिया उपस्थित थे।
कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक रीति से दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके उपरांत राधा-गोविंद शिक्षण स्वास्थ्य ट्रस्ट के संस्थापक स्वर्गीय गोविंद साह एवं स्वर्गीय राधा देवी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।
मुख्य अतिथियों का स्वागत विद्यालय की ओर से पुष्पगुच्छ एवं प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानपूर्वक किया गया। विद्यालय की छात्राओं ने मधुर स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का मन मोह लिया। सांस्कृतिक प्रस्तुति के माध्यम से छात्राओं ने भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों एवं गुरु-शिष्य परंपरा का सुंदर चित्रण किया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में मुख्य अतिथि संजीव बेदिया ने कहा, “शिक्षा केवल एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि यह व्यक्ति के चरित्र, सोच और संस्कारों का निर्माण करती है।”
सी० पी० संतन ने अपने वक्तव्य में कहा, “जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए शिक्षा के साथ-साथ अनुशासन और समय प्रबंधन भी अत्यंत आवश्यक हैं।” उन्होंने विद्यालय के अध्यक्ष बी० एन० साह की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने शिक्षा रूपी जिस पौधे को सींचा है, वह आज एक फलदार वृक्ष बन चुका है, जिससे असंख्य छात्र-छात्राएँ ज्ञान का फल प्राप्त कर रहे हैं।
समारोह में विद्यालय की सचिव प्रियंका कुमारी, वित्त अधिकारी संजय कुमार, ट्रस्टी अजय कुमार, प्राचार्य डॉ. सुजीत कुमार मोहंती, प्रशासक के० एन० सिंह सहित राधा गोविंद इंटर कॉलेज एवं पब्लिक स्कूल के समस्त शिक्षकगण एवं छात्रगण उपस्थित थे।
समारोह के अंत में विद्यालय के अध्यक्ष बी० एन० साह ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं छात्रों को धन्यवाद देते हुए कहा, “आप सभी की उपस्थिति से यह आयोजन सफल एवं अविस्मरणीय बन गया। हम शिक्षा के माध्यम से समाज को जागरूक, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के अपने संकल्प के प्रति प्रतिबद्ध हैं।”
अभिनंदन समारोह ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया कि राधा गोविंद पब्लिक स्कूल न केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का केंद्र है, बल्कि सांस्कृतिक और नैतिक मूल्यों के संवाहक के रूप में भी अपनी पहचान बना चुका है।