जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस हमले में निर्दोष सैलानियों को निशाना बनाया गया, जिससे पूरे देश में आक्रोश है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी इसकी निंदा की जा रही है। लेकिन इसी बीच झारखंड सरकार के एक मंत्री का अजीबो-गरीब बयान सुर्खियों में आ गया है।
झारखंड के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने मीडिया से बातचीत के दौरान इस हमले की निंदा तो की, लेकिन बयान में भारी गलती कर बैठे। उन्होंने पहलगाम को हिमाचल प्रदेश का हिस्सा बता दिया और हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से इस्तीफे की मांग कर दी। मंत्री जी का कहना था कि “यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना है और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए क्योंकि वह अपने नागरिकों की सुरक्षा नहीं कर पाए।”
यह बयान उन्होंने लोहरदगा में मीडिया से बातचीत के दौरान दिया, जब वे नेतरहाट की ओर जा रहे थे। उनके इस बयान ने लोगों को हैरानी में डाल दिया है और सोशल मीडिया पर यह चर्चा का विषय बना हुआ है। लोगों का कहना है कि एक मंत्री से यह उम्मीद नहीं की जाती कि वह देश के नक्शे तक को लेकर भ्रमित हों।
सुदिव्य कुमार सोनू गिरिडीह से विधायक हैं और झारखंड सरकार में मंत्री पद पर हैं। उनके इस बयान से न केवल उन्हें आलोचना का सामना करना पड़ रहा है, बल्कि यह भी सवाल उठने लगे हैं कि क्या जनप्रतिनिधियों को देश के भौगोलिक और राजनीतिक हालात की सही जानकारी नहीं होनी चाहिए?
इस मामले ने यह साबित कर दिया है कि बिना तथ्यों की जानकारी के बयानबाजी किस तरह हास्यास्पद और शर्मनाक स्थिति पैदा कर सकती है।