जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद बिहार पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सख्त कर दिया गया है। नालंदा जिले के राजगीर में स्थित रोपवे, जू-सफारी, नेचर-सफारी सहित अन्य दर्शनीय स्थलों पर सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है।
पर्यटन स्थलों पर पुलिस की गश्त लगातार जारी है। राजगीर की पंच पहाड़ियों, विश्व शांति स्तूप, अशोक स्तंभ, वेणुवन और बौद्ध धर्म के लिए महत्वपूर्ण वल्चर पीक जैसे स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन ने पूरी सतर्कता बरतते हुए कड़े इंतजाम किए हैं। हमले की खबर मिलते ही बिहार पुलिस विभाग ने आपात बैठक कर जरूरी निर्णय लिए और उन्हें तत्परता से लागू किया।
सुरक्षा को लेकर राजगीर डीएसपी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि जिले के किसी भी पर्यटन स्थल पर अब तक कोई आतंकी घटना नहीं घटी है, लेकिन संभावित खतरे को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। इसी कारण सभी संवेदनशील क्षेत्रों की सुरक्षा में इजाफा किया गया है। नालंदा के खंडहर, राजगीर, पावापुरी सहित सभी प्रमुख स्थलों पर विशेष पुलिस टीमों को निगरानी में लगाया गया है।