पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा और कुलाधिपति बी.एन. साह सहित कई गणमान्य अतिथि रहे उपस्थित
रामगढ़, 21 अप्रैल 2025 (सोमवार): राधा गोविंद विश्वविद्यालय, रामगढ़ के भव्य ऑडिटोरियम हॉल में सोमवार को एक गरिमामयी पुस्तक विमोचन समारोह का आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर डॉ. संजय प्रसाद सिंह द्वारा लिखित पुस्तक ‘संस्कृति-संस्कार के सुपथ’ का विमोचन किया गया।
इस कार्यक्रम में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी.एन. साह ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में चतरा सांसद कालीचरण सिंह, पूर्व सांसद (हजारीबाग) डॉ. यदुनाथ पाण्डेय, समाजसेवी तिलक राज मंगलम सहित कई गणमान्य अतिथि मंच की शोभा बढ़ा रहे थे।
दीप प्रज्ज्वलन और स्वागत भाषण से हुई शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन से हुई। आगंतुकों का स्वागत पुष्पगुच्छ एवं प्रतीक चिह्न भेंट कर किया गया। विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. निर्मल कुमार मंडल ने स्वागत भाषण प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों का अभिनंदन किया।
शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ
विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत झारखंड की संस्कृति से सजी लोकनृत्य, संगीत और स्वागत गान ने समस्त वातावरण को जीवंत कर दिया। अतिथियों ने विद्यार्थियों के उत्साह और प्रस्तुति की सराहना की।
पुस्तक विमोचन एवं विचार साझा
डॉ. संजय प्रसाद सिंह की पुस्तक का विधिवत विमोचन सभी प्रमुख अतिथियों के करकमलों द्वारा सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा,“यह आयोजन छोटा दिख सकता है, परंतु इसका उद्देश्य व्यापक है। उद्देश्य और लक्ष्य जीवन का महत्वपूर्ण पक्ष है।” उन्होंने आगे कहा कि “पुस्तकें ज्ञान का स्रोत होती हैं और ये भावनाओं को स्थायी बनाती हैं, भले ही शब्द विस्मृत हो जाएं।”
कुलाधिपति बी.एन. साह ने कहा, “ज्ञान की शक्ति से ही राष्ट्र का निर्माण संभव है और पुस्तकें इस शक्ति का मुख्य आधार हैं। यह पुस्तक समाज को नई दिशा और दशा प्रदान करेगी। मैं लेखक की लगन और समर्पण की सराहना करता हूं।”
डॉ. यदुनाथ पाण्डेय ने भारतीय संस्कृति में 16 संस्कारों पर प्रकाश डालते हुए कहा, “भारत संस्कृति और संस्कारों में विश्व गुरु है। यह पुस्तक विद्यार्थियों के लिए उपयोगी और प्रेरणास्पद सिद्ध होगी।”
समाजसेवी तिलक राज मंगलम ने आयोजन की भूरी-भूरी प्रशंसा की और लेखक को शुभकामनाएं दीं।
संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन
कार्यक्रम का संचालन शिक्षा विभाग की व्याख्याता डॉ. रंजना पांडेय और डॉ. अमरेश पांडेय ने किया। अंत में डॉ. संजय प्रसाद सिंह ने सभी आगंतुकों एवं विश्वविद्यालय परिवार को धन्यवाद ज्ञापित किया
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
इस अवसर पर कुलपति डॉ. रश्मि, वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक डॉ. अशोक कुमार, प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार, कुलाधिपति की धर्मपत्नी श्रीमती फूलमती देवी, विश्वविद्यालय के सभी संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, व्याख्याता, कर्मचारी, समाजसेवी, बुद्धिजीवी वर्ग, मीडिया प्रतिनिधि एवं सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
इस भव्य आयोजन ने शिक्षा, संस्कृति और साहित्य को एक सूत्र में पिरोकर एक प्रेरणादायक माहौल का निर्माण किया, जिसे लंबे समय तक याद किया जाएगा।