ईस्टर के अवसर पर पुतिन की शांति की पहल, यूक्रेन से किया युद्धविराम का आग्रह

Spread the love

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ईस्टर के पावन अवसर पर यूक्रेन संग चल रहे संघर्ष में अस्थायी युद्धविराम की घोषणा की है। क्रेमलिन की ओर से जारी बयान में कहा गया कि यह युद्धविराम शनिवार शाम 6 बजे (मॉस्को समय) से लेकर रविवार की मध्यरात्रि तक प्रभावी रहेगा।

यह ऐलान राष्ट्रपति पुतिन ने रूसी जनरल स्टाफ प्रमुख, जनरल वालेरी गेरासिमोव के साथ एक अहम बैठक में किया। उन्होंने कहा, “मानवता और धार्मिक भावना को सम्मान देते हुए, हम इस विशेष अवधि में सभी प्रकार की सैन्य कार्रवाई रोकने का आदेश दे रहे हैं।”

पुतिन ने यूक्रेन से भी आग्रह किया कि वह इस मानवीय पहल का समर्थन करे और इस दौरान कोई आक्रामक कार्रवाई न करे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि इस युद्धविराम के दौरान कोई उल्लंघन या उकसावा होता है, तो रूसी सेनाएं उसका मुंहतोड़ जवाब देने के लिए तैयार रहेंगी।

बैठक में जनरल गेरासिमोव ने जानकारी दी कि कुर्स्क क्षेत्र, जो कि यूक्रेन की सीमा के पास है, लगभग पूरी तरह से अब रूस के नियंत्रण में है। उन्होंने बताया कि सिर्फ दो छोटे इलाकों को छोड़कर बाकी पूरा क्षेत्र रूसी सेना के अधीन है। अगस्त 2024 में यूक्रेनी बलों ने इस क्षेत्र में घुसपैठ की थी, लेकिन अब उन्हें पीछे खदेड़ दिया गया है।

रूसी रक्षा मंत्रालय ने भी पुष्टि की है कि कुर्स्क क्षेत्र के ओलेशन्या गांव पर रूसी सेनाओं ने नियंत्रण स्थापित कर लिया है, जो कि इस इलाके में यूक्रेन का एक महत्वपूर्ण ठिकाना माना जाता था।

सबसे बड़ी युद्धबंदी अदला-बदली

शांति के इस माहौल को और मजबूती देते हुए, दोनों देशों ने एक बड़ी मानवीय पहल के तहत सैकड़ों युद्धबंदियों की अदला-बदली की है। रूसी रक्षा मंत्रालय के अनुसार, 246 रूसी सैनिकों को यूक्रेनी कब्जे से मुक्त करवाया गया है, वहीं यूक्रेन को भी 277 अपने योद्धा वापस मिले हैं।

इसके अतिरिक्त, 31 घायल यूक्रेनी सैनिकों को मानवीय आधार पर रिहा किया गया है, जबकि रूस ने बदले में 15 घायल सैनिकों को यूक्रेन को सौंपा, जिन्हें तत्काल चिकित्सा की आवश्यकता थी।

यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “हमारे 277 बहादुर सैनिक अपने देश लौट आए हैं – यह हमारे लिए गर्व और राहत की घड़ी है।