जयपुर। इंडियन प्रीमियर लीग 2025 का 36वां मुकाबला शनिवार को सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच खेला गया। इस मैच में क्रिकेट प्रेमियों को एक ऐतिहासिक लम्हा देखने को मिला, जब राजस्थान रॉयल्स ने 14 साल 23 दिन के वैभव सूर्यवंशी को बतौर ओपनर मौका दिया। वैभव अब IPL के सबसे कम उम्र में डेब्यू करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।
बिहार के समस्तीपुर जिले से ताल्लुक रखने वाले इस युवा क्रिकेटर को राजस्थान रॉयल्स ने IPL 2025 की मेगा नीलामी में 1.10 करोड़ रुपए में खरीदा था। वैभव की प्रतिभा की झलक पहले ही देखने को मिल चुकी थी, जब उन्होंने रणजी ट्रॉफी 2023-24 में मुंबई के खिलाफ 12 साल 284 दिन की उम्र में पदार्पण किया था। इस उपलब्धि के साथ वे रणजी में सबसे कम उम्र में खेलने वाले खिलाड़ी भी बने थे।
वैभव ने चेन्नई में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए यूथ टेस्ट में मात्र 62 गेंदों में 104 रन की विस्फोटक पारी खेली थी। इसके साथ ही वे प्रतिस्पर्धी क्रिकेट के 170 साल के इतिहास में सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाले बल्लेबाज़ बन गए थे। उन्होंने 58 गेंदों पर सबसे तेज भारतीय यूथ शतक भी जड़ा, जो कि इस स्तर पर दूसरा सबसे तेज शतक है। पहले स्थान पर इंग्लैंड के मोईन अली हैं, जिन्होंने 56 गेंदों में यह कारनामा किया था।
सबसे कम उम्र में IPL में डेब्यू करने वाले खिलाड़ी:
1. वैभव सूर्यवंशी – 14 वर्ष, राजस्थान रॉयल्स (2025)
2. प्रयास रे बर्मन – 16 वर्ष, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (2019)
3. मुजीब-उर-रहमान – 17 वर्ष 11 दिन, पंजाब किंग्स (2018)
4. रियान पराग – 17 वर्ष 175 दिन, राजस्थान रॉयल्स (2019)
5. सरफराज खान – 17 वर्ष 177 दिन, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (2015)
वैभव की इस ऐतिहासिक उपलब्धि ने क्रिकेट जगत को हैरत में डाल दिया है और अब उनसे भविष्य में भी कई चौंकाने वाले प्रदर्शन की उम्मीदें लगाई जा रही हैं।