हेमंत सोरेन ने अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया, कार्यकर्ताओं को जताया आभार

Spread the News

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया। वह राजधानी रांची के हरमू स्थित पार्टी कार्यालय पहुंचे, जहां वरिष्ठ नेताओं विनोद पांडेय, सुप्रियो भट्टाचार्य समेत अन्य पदाधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने करीब दो घंटे तक वरिष्ठ नेताओं के साथ संगठन की भावी रणनीतियों पर चर्चा की।

पदभार संभालने के बाद मुख्यमंत्री सोरेन ने सोशल मीडिया पर पार्टी कार्यकर्ताओं के नाम संदेश जारी कर आभार प्रकट किया। उन्होंने लिखा, “झामुमो के प्रिय कार्यकर्ताओं और साथियों, आपके निरंतर संघर्ष, विश्वास और समर्पण के बिना यह यात्रा संभव नहीं थी। अध्यक्ष पद की यह जिम्मेदारी संभालते हुए मैं आप सभी का दिल से धन्यवाद करता हूं, जिन्होंने हर परिस्थिति में पार्टी और राज्य के हित को सर्वोपरि रखा।”

उन्होंने आगे कहा, “आपकी मेहनत हमारी ताकत है और आपके सपने हमारी प्रेरणा। हम सब मिलकर झारखंड के विकास, सेवा और न्याय के लिए नए उत्साह के साथ आगे बढ़ेंगे। जो दायित्व मिला है, उसे पूरी मजबूती और प्रतिबद्धता के साथ निभाया जाएगा।”

गौरतलब है कि हेमंत सोरेन को झामुमो के 13वें केंद्रीय अधिवेशन में पार्टी का अध्यक्ष चुना गया। यह अधिवेशन 14-15 अप्रैल को रांची में संपन्न हुआ था। पार्टी की कमान 38 वर्षों तक संभालने के बाद उनके पिता और झामुमो के संरक्षक शिबू सोरेन ने ही उन्हें इस पद के लिए प्रस्तावित किया, जिसे अधिवेशन में मौजूद प्रतिनिधियों ने सर्वसम्मति से स्वीकार किया।

हेमंत सोरेन इससे पहले 2015 से झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष की भूमिका निभा रहे थे।

इस मौके पर पार्टी के वरिष्ठ नेता सुप्रियो भट्टाचार्य ने जानकारी दी कि नए अध्यक्ष ने संगठन को मजबूत करने और उसके विस्तार के लिए कई दिशा-निर्देश दिए हैं। तय हुआ है कि सप्ताह में एक दिन पार्टी कोटे के मंत्री कार्यालय में मौजूद रहेंगे, ताकि कार्यकर्ताओं और आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके।

उन्होंने यह भी बताया कि बरियातू में निर्माणाधीन केंद्रीय कार्यालय भवन अब अंतिम चरण में है और अगले 3-4 महीनों में पार्टी का मुख्यालय नए भवन में स्थानांतरित कर दिया जाएगा।