झारखंड मुक्ति मोर्चा के 13वें महाधिवेशन में संगठनात्मक बदलाव, हेमंत सोरेन बने नए अध्यक्ष

Spread the News

झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के 13वें महाधिवेशन में ऐतिहासिक बदलाव देखने को मिला। पार्टी ने कार्यकारी अध्यक्ष का पद समाप्त करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को संगठन का पूर्णकालिक अध्यक्ष घोषित किया। अब तक इस पद पर शिबू सोरेन थे, जिन्हें महाधिवेशन में पार्टी का संस्थापक संरक्षक नियुक्त किया गया।

इस मौके पर हेमंत सोरेन ने पार्टी के संघर्षपूर्ण इतिहास को याद करते हुए कहा, “झामुमो केवल राज्य पाने की ताकत नहीं रखता, बल्कि उसे चलाने की क्षमता भी रखता है।” उन्होंने झारखंड की जनता का आभार प्रकट करते हुए विश्वास दिलाया कि पार्टी उनकी उम्मीदों पर खरी उतरेगी।

महाधिवेशन में झामुमो के वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों की बड़ी भागीदारी रही। विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधियों ने पार्टी की नीतियों, आने वाले चुनावों की रणनीति और संगठन के विस्तार पर गहन चर्चा की। विस्तारपुर क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल हुए। स्थानीय नेताओं ने इस बदलाव का स्वागत करते हुए कहा कि इससे पार्टी को एक नई दिशा मिलेगी और नेतृत्व में मजबूती आएगी।

महाधिवेशन के दौरान सामाजिक न्याय, आदिवासी अधिकार, भूमि सुरक्षा और विकास योजनाओं को लेकर भी अहम प्रस्ताव पारित किए गए। झामुमो ने स्पष्ट किया कि वह झारखंड की अस्मिता, संस्कृति और संसाधनों की रक्षा के लिए पहले की तरह प्रतिबद्ध है।

इस नए नेतृत्व परिवर्तन को राज्य की राजनीति में एक महत्वपूर्ण मोड़ माना जा रहा है।