भारतीय जनता पार्टी अपने 46वें स्थापना दिवस को विशेष तरीके से मनाने जा रही है। इस अवसर पर झारखंड भाजपा 7 अप्रैल से 12 अप्रैल तक ‘गांव-बस्ती चलो’ अभियान के तहत जनसंपर्क अभियान चलाएगी, जिसमें चौपाल लगाकर केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को आम लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
भाजपा के मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक ने बताया कि इस वर्ष रामनवमी और पार्टी का स्थापना दिवस 6 अप्रैल को एक साथ पड़ रहा है, जिसे पार्टी कार्यकर्ता उत्सव के रूप में मनाएंगे। इस दिन कार्यकर्ता अपने-अपने घरों पर पार्टी का ध्वज फहराएंगे और विविध कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
अभियान के तहत पार्टी कार्यकर्ता गांवों और बस्तियों में पहुंचकर स्वच्छता अभियान चलाएंगे। मंदिरों, तालाबों, स्कूलों और अन्य सार्वजनिक स्थलों की सफाई की जाएगी। इसके अलावा शाम के समय चौपाल लगाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा किए गए कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान ऐतिहासिक घटनाओं जैसे आपातकाल और नसबंदी जैसे मुद्दों पर भी जानकारी दी जाएगी। साथ ही कारसेवा में शामिल रहे लोगों को सम्मानित करने का भी आयोजन होगा।
पार्टी ने इस अभियान को सफल बनाने के लिए सभी सांसदों, विधायकों, पदाधिकारियों और सक्रिय कार्यकर्ताओं को विशेष जिम्मेदारी सौंपी है। सप्ताहभर चलने वाले इस अभियान के दौरान विचार गोष्ठियों और सम्मान समारोहों का आयोजन भी किया जाएगा।
भाजपा कार्यालय को स्थापना दिवस के मौके पर विशेष रूप से सजाया गया है। रंग-बिरंगी रोशनी और पार्टी के प्रमुख नेताओं की तस्वीरों से कार्यालय को आकर्षक रूप दिया गया है।
यह अभियान न केवल पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा, बल्कि संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने का प्रयास भी होगा।