अप्रैल के दूसरे सप्ताह में भाजपा को मिल सकता है नया अध्यक्ष

Spread the News

अप्रैल के दूसरे सप्ताह में भारतीय जनता पार्टी को नया अध्यक्ष मिल सकता है। भाजपा सूत्रों के अनुसार, इसको लेकर गंभीर चर्चा चल रही है। दरअसल, हाल ही में बंगलूरू में संपन्न हुई राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की तीन दिवसीय प्रतिनिधि सभा की बैठक के अगले ही दिन भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस मुलाकात को संगठनात्मक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। संभावना जताई जा रही है कि इस दौरान संगठन चुनाव पर विस्तार से चर्चा हुई।

संगठन चुनाव की तैयारियां अंतिम चरण में

भाजपा पिछले कुछ महीनों से राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया को अंतिम रूप देने में जुटी है। वर्तमान अध्यक्ष जे.पी. नड्डा का कार्यकाल बीते 13 महीनों से लगातार बढ़ाया जा रहा है। इस दौरान सदस्यता अभियान और बूथ समितियों के गठन के बाद प्रदेश अध्यक्षों के चुनाव संपन्न कराए जा रहे हैं। अब तक 14 राज्यों में संगठन चुनाव पूरे हो चुके हैं, जबकि राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए कम से कम 18 राज्यों में यह प्रक्रिया पूरी होनी आवश्यक है।

केरल, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और झारखंड सहित कई राज्यों में प्रदेश अध्यक्षों की केवल औपचारिक घोषणा बाकी है। सूत्रों के अनुसार, आगामी दिनों में इन राज्यों में भी संगठन चुनाव प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।

संघ प्रमुख से चर्चा के बाद होगा ऐलान

भाजपा सूत्रों के मुताबिक, नए अध्यक्ष की घोषणा अप्रैल के दूसरे सप्ताह में की जा सकती है। इस संदर्भ में 30 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नागपुर यात्रा पर जाएंगे, जहां उनकी संघ प्रमुख मोहन भागवत से मुलाकात संभावित है। इसके बाद प्रधानमंत्री 2 से 4 अप्रैल तक बैंकॉक में बिम्सटेक सम्मेलन में हिस्सा लेंगे और 5 अप्रैल को श्रीलंका के दौरे पर जाएंगे।

इस दौरान लगभग आठ राज्यों में प्रदेश अध्यक्षों की घोषणा कर दी जाएगी। इसके बाद भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम की आधिकारिक घोषणा की जाएगी।