प्रसिद्ध नेत्र रोग विशेषज्ञ की पुत्री ने रामगढ़ का नाम किया रोशन

Spread the News

रामगढ़ के प्रतिष्ठित नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. अनूप कुमार सिन्हा और डॉ. रेनू सिन्हा की पुत्री डॉ. आकांक्षा ने अपने उत्कृष्ट चिकित्सा कार्य और उल्लेखनीय शिक्षण योगदान से रामगढ़ का नाम पूरे भारत में रोशन किया है।

उन्हें एएनबीएआई उत्तर प्रदेश चैप्टर द्वारा उत्तर प्रदेश के सर्वश्रेष्ठ नेत्र फैकल्टी के रूप में सम्मानित किया गया। यह प्रतिष्ठित पुरस्कार उन्हें 22 मार्च को लखनऊ स्थित मैक्स सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में आयोजित एक भव्य समारोह में प्रदान किया गया, जहां प्रशस्ति पत्र एवं शॉल ओढ़ाकर उनका अभिनंदन किया गया।

चिकित्सा क्षेत्र में अनुकरणीय योगदान

डॉ. आकांक्षा पिछले पांच वर्षों से कानपुर के शंकरा नेत्रालय में नेत्र सर्जन और डीएनबी कोर्स की प्रमुख फैकल्टी के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने 18,000 से अधिक मोतियाबिंद सर्जरी एवं 250 से अधिक कॉर्निया प्रत्यारोपण जैसी जटिल शल्यक्रियाएं सफलतापूर्वक की हैं। उनकी इन्हीं उपलब्धियों के लिए उन्हें यह सम्मान दिया गया है।

शहरभर में हर्ष का माहौल

डॉ. आकांक्षा की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर रामगढ़ शहर के गणमान्य नागरिकों ने हर्ष व्यक्त किया और उन्हें बधाई दी। डॉ. एन.डी. सहाय, डॉ. शरद जैन, विवेक अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल, गौतम जालान, अरविंद गोयल, विकास बंसल एवं रोटरी रामगढ़ सेंट्रल के अध्यक्ष पवन अग्रवाल सहित कई विशिष्ट व्यक्तियों ने उनकी इस सफलता पर शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

डॉ. आकांक्षा की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार के लिए, बल्कि पूरे रामगढ़ शहर के लिए गर्व का विषय है।