हिंदुओं पर अत्याचार बर्दाश्त नहीं : मनीष जायसवाल
रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड स्थित सोसोकलां गांव में 4 फरवरी 2025 को सरस्वती प्रतिमा विसर्जन के दौरान महिलाओं और बच्चियों पर हुए पथराव के विरोध में हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया। उन्होंने प्रशासन पर आरोपियों को बचाने का आरोप लगाते हुए 15 दिनों में कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन समय सीमा समाप्त होने पर वे धरने पर बैठ गए।
धरना शुरू होने के करीब चार घंटे बाद जिला प्रशासन के अधिकारी वार्ता के लिए पहुंचे। प्रशासन ने आश्वासन दिया कि यदि मामला पॉक्सो एक्ट के तहत आता है तो कानूनी कार्रवाई होगी और एक महीने के भीतर चार्जशीट दाखिल कर दोषियों को सजा दिलाई जाएगी। आश्वासन के बाद सांसद ने धरना समाप्त किया लेकिन चेतावनी दी कि यदि तय समय में कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
सरकार पर तुष्टिकरण का आरोप
सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि हिंदू समाज पर हो रहे अत्याचार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने झारखंड सरकार पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया और हिंदू समाज से अन्याय का संगठित रूप से प्रतिकार करने का आह्वान किया।
गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने भी प्रशासन पर तुष्टिकरण की नीति अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यदि निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो जनता खुद सड़क पर उतरकर न्याय सुनिश्चित करेगी।
धरने के दौरान सांसद और उनके समर्थकों ने ‘हिंदुओं पर अत्याचार नहीं सहेगा हिंदुस्तान’ और ‘सोसोकलां के दोषियों को गिरफ्तार करो’ जैसे नारों से विरोध दर्ज कराया। ‘जय श्री राम’ के नारों से माहौल गूंज उठा।
लोकसभा में भी उठा मुद्दा
सांसद मनीष जायसवाल ने यह मुद्दा लोकसभा में भी उठाया और केंद्र सरकार से झारखंड में हिंदुओं पर हो रहे हमलों पर हस्तक्षेप की मांग की। इस धरने को भाजपा और आजसू पार्टी के नेताओं का भी समर्थन मिला। मंच संचालन भाजपा जिला महामंत्री विजय जायसवाल ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन गोला भाजपा मंडल अध्यक्ष बबलू साव ने दिया।