बिहार सरकार ने झारखंड से लगी सीमा को सील किया… कुंभ जाने में दिक्कत होगी

Spread the News

बिहार सरकार ने झारखंड से सटी सीमा को पूरी तरह से सील कर दिया है, जिससे एनएच-19 पर झारखंड से उत्तर प्रदेश जाने वाले वाहनों की आवाजाही ठप हो गई है। हालांकि, बिहार से झारखंड की ओर आने वाली लेन को चालू रखा गया है। गुरुवार को भी महाकुंभ में शामिल होने के लिए जीटी रोड पर वाहनों की भारी भीड़ देखी गई, जिसमें छोटी कारों और निजी वाहनों की संख्या अधिक थी।

झारखंड से सटी सीमा पर लगाया गया प्रतिबंध

प्रयागराज में हाल की घटना के बावजूद श्रद्धालु बड़ी संख्या में महाकुंभ के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर उमड़ रहे हैं। कोलकाता-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग 2 पर पिछले चार दिनों से जाम की स्थिति बनी हुई है। इस भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बिहार सरकार ने झारखंड सीमा से सटे बाराचट्टी थाना अंतर्गत ‘भलुआ’ क्षेत्र को पूरी तरह सील कर दिया है।

भलुआ, झारखंड सीमा के चोरदाहा इलाके से सटा हुआ है। सीमा सील होने के कारण झारखंड के चोरदाहा से चौपारण तक लगभग 20 किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लगा हुआ है। इस जाम के चलते यात्रियों को भोजन और पानी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। झारखंड से बिहार की सीमा में किसी भी वाहन को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही है।

प्रशासन ने बढ़ाई सतर्कता

चोरदाहा से चौपारण तक का यह इलाका दनुआ घाटी से होकर गुजरता है, जो गौतम बुद्ध अभ्यारण्य और घने जंगलों के अंतर्गत आता है। सीमा सील होने के बाद हजारीबाग जिला प्रशासन ने अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए जीटी रोड पर पुलिस पेट्रोलिंग तेज कर दी है। इंस्पेक्टर चंद्रशेखर कुमार और थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश के नेतृत्व में पुलिस बल द्वारा घाटी क्षेत्र में बाइक से गश्त की जा रही है।

गौरतलब है कि महाकुंभ के कारण बिहार, ओडिशा और झारखंड से बड़ी संख्या में वाहन नेशनल हाईवे 2 के जरिए उत्तर प्रदेश की ओर जा रहे हैं। गुरुवार को हजारीबाग प्रशासन ने गोरहर में कुछ समय के लिए सीमा को बंद किया था, जिसे बाद में हटा दिया गया।