दिल्ली में कांग्रेस का त्रिकोण बिगाड़ सकता है AAP का गणित

Spread the News

दिल्ली की सत्ता पर 10 वर्षों से काबिज आम आदमी पार्टी की नजर इस बार जीत की हैटट्रिक पर है लेकिन राह आसान नहीं लग रही। उसके रास्ते को बीजेपी चट्टान बनकर रोकने के लिए भले ही पूरा जोर लगा रही है लेकिन कांग्रेस का त्रिकोण टीम अरविंद केजरीवाल के लिए उससे भी बड़ी बाधा के रूप में दिख रहा है। आम आदमी पार्टी इस बात को अच्छे से जानती है कि अगर कांग्रेस मजबूत हुई तो उसका सीधा नुकसान उसे ही उठाना पड़ेगा। उसे डर ये नहीं कि कुछ सीटों पर कांग्रेस जीत जाएगी, बल्कि डर ये है कि बीजेपी बाजी मार ले जाएगी।

आम आदमी पार्टी कांग्रेस की आक्रामकता से डरी हुई है। उन्होंने ये तक दावा किया कि दिल्ली कांग्रेस के हमलावर तेवरों के बाद अरविंद केजरीवाल ने इंडिया गठबंधन के बाकी नेताओं के जरिए कांग्रेस आलाकमान को AAP के खिलाफ नरम रुख अपनाने के लिए मनाने की कोशिश की थी। उनके दावे पर यकीन करें तो उसके बाद कांग्रेस आलाकमान ने दिल्ली यूनिट के नेताओं को आम आदमी पार्टी के खिलाफ हमलावर रुख अख्तियार नहीं करने का संदेश भेजा था। ये बात तब की है जब अजय माकन ने केजरीवाल को ‘देशद्रोही’ कहा था। यूथ कांग्रेस ने महिला सम्मान योजना और बुजुर्गों के लिए कथित हेल्थ स्कीम के लिए AAP कार्यकर्ताओं की तरफ से घर-घर जाकर रजिस्ट्रेशन करने को जनता के साथ धोखाधड़ी बताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। संदीप दीक्षित भी लगातार AAP और केजरीवाल पर हमले कर रहे थे। आलाकमान से संदेश मिलने के बाद कांग्रेस नेताओं का AAP पर हमलावर रुख नरम हुआ।