पहाड़ों पर भारी बर्फबारी,दिल्ली में कोल्ड वेव करेगी परेशान, UP-राजस्थान समेत इन राज्यों में भी बढ़ेगी ठिठुरन

Spread the love

दिल्ली सहित पूरा उत्तर भारत इस समय भीषण ठंड की चपेट में है। बारिश के बाद तापमान में आई कमी लोगों को ठिठुरन का अहसास दिला रही है। देश की राजधानी में तो लोग अदद धूप को तरस रहे हैं। दिनभर चल रही शीतलहर और आसमान में छाए बादल ने मौसम ही बदल दिया है। पहाड़ों पर बर्फबारी जारी है जिससे बाकी राज्यों में भी पारा गिरा है। नए साल में भी उत्तर भारत के कई राज्य ठंड से कांपेंगे हालांकि बारिश नहीं होगी।

दिल्ली में नए साल से एक दिन पहले ठंड अपना असर दिखाएगी। आज अधिकतम तापमान 15 तो न्यूनतम तापमान 8 डिग्री पर रहेगा। इसके अलावा सुबह-शाम कोहरा परेशान कर सकता है। बाकी दिन मौसम साफ रहेगा। बारिश का कोई अनुमान नहीं है। 1 जनवरी को न्यूनतम तापमान 9 डिग्री तो अधिकतम 17 डिग्री सेल्सियस रहेगा। सुबह मध्यम से घना कोहरा रहेगा। आसमान साफ रहेगा। 2 जनवरी से 5 जनवरी तक अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होगी और यह 22 डिग्री पहुंचेगा, न्यूनतम तापमान 11 डिग्री तक जा सकता है।

दिल्ली के नजदीक दो राज्य पंजाब और हरियाणा की बात करते हैं। पंजाब में आज घने कोहरे से शुरुआत होगी। नए साल के लिए कोहरे या शीतलहर का अलर्ट नहीं है। 2 जनवरी से 5 जनवरी तक मौसम साफ रहेगा,बारिश का कोई अंदेशा नहीं है। हरियाणा की बात करें तो आज यहां भी घने कोहरे के साथ शीतलहर परेशान कर सकती है। इसके अलावा 1 जनवरी से 5 जनवरी तक मौसम साफ रहेगा। कोई बड़ा अलर्ट नहीं है।

बिहार में पछुआ हवाओं से बदलेगा मौसम

बिहार में भी मौसम बदल गया है. कई जिलों में आज से कड़ाके की ठंड पड़ने के आसार हैं. मौसम विभाग का अनुमान है कि पछुआ हवाएं राजधानी पटना समेत पूरे बिहार के मौसम को बदल देगी. मौसम विभाग के अनुसार पटना जिले का तापमान दो-तीन दिनों में चार डिग्री तक नीचे आ सकता है. बिहार के दक्षिण पश्चिमी भागों में पछुआ के प्रभाव में ठंड में तेजी से बढ़ोतरी दिखेगी. तीन-चार दिनों के बाद एंटी साइक्लोनिक सर्कुलेशन की स्थित बनने से फिर से तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है.

झारखंड में बढ़ेगी सर्दी

झारखंड में आने वाले दिनों में ठंड बढ़ेगी. नये साल में तापमान गिर सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ की वजह से उत्तर पश्चिम भारत में हुई बारिश और बर्फबारी के कारण राज्य का पारा गिरेगा. न्यूनतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है. मौसम विभाग ने सुबह में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है. बादल छंट जाने से उत्तर पश्चिमी ठंडी हवाएं झारखंड की ओर बढ़ रही हैं. जिसका सीधा असर तापमान पर पड़ेगा.