झारखंड के दक्षिणी और उससे सटे मध्य भागों में रविवार को बारिश होने के आसार हैं. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के रांची स्थित मौसम केंद्र ने यह जानकारी दी है. मौसम केंद्र ने कहा है कि रविवार (29 दिसंबर) को सुबह हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा या धुंध रहने की संभावना है. राज्य के दक्षिणी तथा उससे सटे मध्य भागों यानी पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, सिमडेगा, रांची, खूंटी और गुमला जिले में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा होने की संभावना है. मौसम विभाग ने कहा है कि अगले 2 दिन तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा. इसके बाद अगले 3 दिन में न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री तक की गिरावट आएगी.
14 जिलों में छाया रहेगा घना कोहरा
मौसम केंद्र रांची ने कोहरे का येलो अलर्ट भी जारी किया है. कहा है कि झारखंड के उत्तर-पश्चिमी और उससे सटे मध्य एवं उत्तर-पूर्वी भागों में सुबह के समय कहीं-कहीं घना कोहरा देखा जा सकता है. जिन जिलों में कोहरा छाया रहेगा, उनमें गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज जिले शामिल हैं.
रांची में हल्की बारिश की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक, 29 दिसंबर को राजधानी रांची में आसमान में बादल छाए रहेंगे. हल्की बारिश की संभावना भी है. अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेंटीग्रेड रहने का अनुमान है. मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि पिछले 24 घंटे में मौसम शुष्क रहा. कहीं-कहीं हल्के दर्जे का कोहरा देखा गया. सबसे अधिक उच्चतम तापमान 30.5 डिग्री सेंटीग्रेड सरायकेला में दर्ज किया गया. सबसे कम न्यूनतम तापमान 10,5 डिग्री सेल्सियस धनबाद में रहा.