हेमंत सोरेन अकेले लेंगे शपथ, मंत्रिमंडल का विस्तार बाद में

Spread the love

JMM (झारखंड मुक्ति मोर्चा) नेता हेमंत सोरेन 28 नवंबर को अकेले रांची के मोरहाबादी मैदान में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। विधायकों की शपथ के बाद मंत्रिमंडल की शपथ होगी।

प्रदेश कांग्रेस प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने भास्कर को बताया कि मंत्रिमंडल का विस्तार बाद में होगा। दरअसल, माले ने अब तक सरकार में शामिल होने पर फैसला नहीं लिया है। इसके लिए 29 नवंबर को बैठक बुलाई है। यह भी हेमंत के अकेले शपथ लेने का कारण माना जा रहा है।

हेमंत सोरेन पत्नी कल्पना सोरेन के साथ सोमवार रात दिल्ली गए थे। मंगलवार को उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से मुलाकात की थी। बताया जा रहा है कि सोरेन कांग्रेस कोटे के मंत्रियों और विभाग पर बात करने गए हैं। इसके बाद खबर आई कि हेमंत सोरेन अकेले सीएम पद की शपथ लेंगे। ऐसे में राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चा शुरू हो गई है।

महाराष्ट्र में कांग्रेस की करारी हार के बाद INDIA गठबंधन को झारखंड ने ही ऑक्सीजन दिया है। ऐसे में गठबंधन अपनी ताकत दिखाने के लिए रांची में एकजुट होगा।

बताया जा रहा है कि झारखंड की नई सरकार की शपथ में पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी, पंजाब के सीएम भगवंत मान, तमिलनाडु के डिप्टी सीएम उदयनिधि स्टालिन, दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल, सुनीता केजरीवाल, मनीष सिसोदिया का आना तय है।

वहीं, कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी, कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया, राजद नेता लालू यादव और तेजस्वी यादव के भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने की संभावना है। शाम तक कंफर्म हो सकता है। सभी नेता कल यानी गुरुवार को दिन में आएंगे और शाम 4 बजे शपथ के बाद लौट जाएंगे।

बताया जा रहा है कि नई सरकार में 2019 के फॉर्मूले को ही अपनाया जाएगा। उस वक्त 5 विधायकों पर एक मंत्री पद का फॉर्मूला तय हुआ था। इस बार भी 5:1 का ही फॉर्मूला रहेगा। सूत्रों के अनुसार, नई सरकार में JMM के 6, कांग्रेस के 4 और राजद का एक मंत्री होगा।

मंत्री बनने के लिए विधायक रामेश्वर उरांव, श्वेता सिंह और निशत आलम को छोड़कर सारे नवनिर्वाचित विधायक दिल्ली में आला नेताओं के दरबार में हैं। विधायकों ने पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल से भी मुलाकात कर अपनी पैरवी की है।