लातेहार में बीती देर रात पुलिस और उग्रवादियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान दोनों ओर से दर्जनों राउंड फायरिंग हुई। हालांकि अंधेरे का फायदा उठा उग्रवादी भाग निकले। एनकाउंटर हेरहंज थाना क्षेत्र के बन्दुवा जंगल में हुई। पुलिस ने मौके से उग्रवादियों का हथियार बरामद किया है।
इस घटना में गांव के सुरेंद्र यादव की गाय को भी गोली लगी है, जो घायल है। पुलिस को सोमवार की देर शाम जंगल में उग्रवादियों के जमावड़े की सूचना मिली थी। पुलिस उन्हें पकड़ने के लिए पहुंची तो उग्रवादियों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की।
रात के अंधेरे का फायदा उठाकर उग्रवादी भाग निकले। गांव के आसपास के इलाके और घटनास्थल पर पुलिस सर्च अभियान चला रही है। घटना के बारे में पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी विनोद रवानी ने कहा कि सर्च अभियान जारी है।
सूत्रों के मुताबिक, उग्रवादी जेजेएमपी के थे। जो बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे। इसी सूचना पर पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर उग्रवादियों के मंसूबे को विफल कर दिया।