झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रविवार को बड़ा ऐलान किया है। सोरेन ने कहा कि राज्य के सर्वोच्च पुरस्कार का नाम ‘भगवान बिरसा मुंडा-भगवान सिदो कान्हू’ रखा जाएगा। सोरेन ने सर्वोच्च सम्मान का नाम बिरसा मुंडा और सिदो कान्हू के नाम पर रखने के ऐलान के बाद कहा कि अगर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) नीत सरकार सत्ता में आई तो इस संबंध में मंत्रिमंडल की पहली ही बैठक में निर्णय लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट करते हुए कहा कि झारखंड के सर्वोच्च पुरस्कार का नाम ‘भगवान बिरसा मुंडा-भगवान सिदो-कान्हू पुरस्कार’ होगा। अबुआ सरकार (अपनी सरकार) की पहली कैबिनेट का यह पहला फैसला होगा। झारखंड के वीर शहीद अमर रहें। जय झारखंड।