रांची में PM मोदी का रोड शो, सड़क पर लोगों की भीड़

Spread the News

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार शाम रांची में रोड शो किया। जो ओटीसी मैदान से शुरू होकर शहर की सबसे घनी आबादी वाले रातू रोड तक गया। PM ने लगभग 3 किमी की दूरी करीब सवा घंटे में तय किया।

सड़क की दोनों तरफ हजारों लोग स्वागत में खड़े थे। पीएम ने सबका हाथ हिलाकर अभिवादन किया। कुछ लोग छत से भी उनका स्वागत करते दिखे। रोड शो दो विधानसभा रांची और हटिया से होकर गुजरा।

रांची से लगातार 7वीं बार सीपी सिंह और हटिया से नवीन जायसवाल उम्मीदवार हैं। दोनों पीएम के साथ गाड़ी पर सवार थे। पीएम के एक हाथ में कमल फूल का निशान था। लोग एक झलक पाने के लिए बेताब नजर आए। रातू रोड शहर का सबसे अधिक जाम रहने वाला रूट है।

रातू रोड जैसे क्षेत्र में रोड शो के पीछे भाजपा की बड़ी रणनीति बताई जा रही है। क्योंकि निर्धारित रूट के 3 किमी क्षेत्र को भाजपा का कोर वोट बैंक माना जाता है। 2019 में हुए विधानसभा चुनाव में इस क्षेत्र के करीब 80% बूथों पर भाजपा के पक्ष में वोट पड़े थे।

विपक्षी झामुमो प्रत्याशी को मात्र 20 प्रतिशत बूथों पर ही बढ़त मिली थी। अधिकतर बूथों पर झामुमो प्रत्याशी ने सैकड़ा का आंकड़ा भी पार नहीं किया था। बता दें, प्रधानमंत्री मोदी का रांची में यह चौथा रोड शो है। इससे पहले वे अप्रैल 2019, नवंबर 2023 और मई 2024 में रोड शो कर चुके हैं।

रोड शो से पहले केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा था, ‘रांची के लोग पीएम मोदी के स्वागत के लिए उत्सुक हैं। आज उनका ऐतिहासिक स्वागत होगा। सफाई कर्मचारी अपना काम सिर्फ इसलिए नहीं कर रहे हैं, वे पीएम मोदी से प्यार करते हैं और उनके आने का इंतजार कर रहे हैं।’