झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण के नामांकन का आज आखिरी दिन है। गुरुवार को नॉमिनेशन का नया रिकॉर्ड बना। एक दिन में 333 से अधिक कैंडिडेट ने पर्चा दाखिल किया। ऐसा इसलिए कि पहले फेज में राज्य में पहली बार 43 सीटों के लिए चुनाव हो रहा है। इसके पहले 2014 और 2019 में पहले चरण में 13-13 सीटों के लिए ही चुनाव हुए थे।
गुरुवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बरहेट, उनकी पत्नी कल्पना सोरेन ने गांडेय और भाई बसंत सोरेन ने दुमका से नामांकन किया। नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी ने चंदनकियारी, पूर्व मंत्री सीपी सिंह ने रांची और नीलकंठ सिंह मुंडा ने खूंटी से नामांकन पत्र भरा।
मेगा नॉमिनेशन शो में एनडीए के 39 और इंडिया ब्लॉक के 29 प्रत्याशी शामिल हुए। हर प्रत्याशी के साथ भाजपा की ओर से कोई न कोई राष्ट्रीय नेता, मुख्यमंत्री-मंत्री मौजूद रहे। कांग्रेस की ओर से भी ऐसी ही कोशिशें हुईं। प्रदेश प्रभारी गुलाम अहमद मीर, सुबोधकांत सहाय समेत कई प्रमुख चेहरों ने चुनावी सभा में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। हेमंत सोरेन ने पार्टी प्रत्याशी धनंजय सोरेन के नामांकन में शामिल होने के बाद बोरियो में सभा की। वहीं JMM ने खूंटी से अपना प्रत्याशी भी बदल दिया है। स्नेहलता कंडुलना की जगह सूर्या मुंडा को मैदान में उतारा है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बताया कि पहले और दूसरे फेज के लिए गुरुवार को शांतिपूर्ण नामांकन हुआ। शुक्रवार को पहले फेज के नामांकन का अंतिम दिन है। 28 को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 30 अक्टूबर को नाम वापसी होगी। पहले चरण की 43 सीटों के लिए 13 नवंबर को मतदान होगा और मतगणना 23 नवंबर को होगी।