जमशेदपुर: चांडिल डैम में गिरे लापता विमान की खोजबीन तीसरे दिन भी जारी रही। गुरुवार सुबह एक बड़ी खबर सामने आई कि एक ट्रेनी पायलट का शव बरामद हुआ है। शव को एक मछुआरे ने खोजा, जिसने तुरंत इसकी सूचना आसपास के लोगों और प्रशासन को दी। हालांकि, प्रशासन ने अब तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
चांडिल डैम से मिले शव की पहचान ट्रेनी पायलट सुब्रोदीप दत्ता के रूप में की गई है। एक मछुआरा चांडिल डैम में मछली पकड़ रहा था, जब उसने ट्रेनी पायलट का शव पाया। सुबह के समय नेवी की टीम भी खोजबीन के लिए चांडिल पहुंची, लेकिन खबर लिखे जाने तक टीम ने डैम के अंदर प्रवेश नहीं किया था। बुधवार रात को भारतीय वायु सेना की टीम विशेष विमान से रांची एयरपोर्ट पर पहुंची थी।
मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे जमशेदपुर के सोनारी एयरपोर्ट से टेकऑफ करने के बाद अल्केमिस्ट एविएशन का ट्रेनिंग विमान क्रैश होकर चांडिल डैम में गिर गया था। उड़ान भरने के 15 मिनट बाद ही विमान का संपर्क टूट गया था, जिसके बाद से ही उसकी खोजबीन चल रही है। विमान में एक और पायलट भी सवार थे, जिनका शव अब तक बरामद नहीं हो पाया है। टाटा स्टील का हेलीकॉप्टर दलमा के जंगलों के ऊपर उड़ान भर कर विमान की तलाश कर चुका है, जबकि एनडीआरएफ की टीम डैम के पानी के अंदर खोजबीन कर रही है, लेकिन अब तक कोई सफलता नहीं मिली। एनडीआरएफ की असफलता के बाद सरायकेला जिला प्रशासन ने भारतीय नौसेना से मदद लेने का निर्णय लिया था।
चांडिल डैम का जलस्तर बारिश के कारण बढ़ गया है, जिससे रेस्क्यू ऑपरेशन में कठिनाइयां आ रही हैं। जलस्तर को कम करने के लिए डैम के पांच गेट खोल दिए गए हैं, लेकिन जलस्तर में कमी नहीं आई है।